logo

सीएम हेमंत झारखंड के 222 खिलाड़ियों को कल करेंगे सम्मानित, सबसे अधिक फुटबॉल प्लेयर

CMM.jpeg

रांची

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य में खेलों के लिए उत्साहजनक वातावरण तैयार करने के मकसद से झारखंड के खिलाड़ियों को कल यानी 12 अक्टूबर को सम्मानित करेंगे। मौके पर इन खिलाड़ियों के कोच भी सम्मानित होंगे। इसमें मोमेंटो के साथ सम्मान राशि भी दी जायेगी। सम्मान राशि पाने वालों में ओलंपिक सहित विभिन्न राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय खेलों में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एवं प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी व उनके कोच शामिल हैं। मुख्यमंत्री के समारोह में 19 खेलों के लिए 222 खिलाड़ियों को 4,46.20,000 रुपये औऱ 15 खेलों के 52 प्रशिक्षकों को 48,30,000 रुपये सम्मान राशि के रूप में दिये जायेंगे। 

सम्मान व पुरस्कार पाने वालों में सबसे अधिक फुटबॉल के 55 खिलाड़ी, हॉकी के 39, वूशु के 24, आर्चरी के 23, ताइक्वांडो के 17, रेसलिंग के 13, लॉन बॉल के 11, एथलीट के 11 अन्य अन्य खेलों के कुल 222 खिलाड़ी शामिल हैं।

सरकार ने बढा दी है सम्मान राशि 
मुख्यमंत्री के निर्देश पर झारखंड खेल नीति-2022 के तहत राज्य के वैसे खिलाड़ी जिन्होंने राष्ट्रीय, अन्तरराष्ट्रीय और ओलंपिक संघ द्वारा मान्यता प्राप्त खेलों में पदक प्राप्त किया हो अथवा भागीदारी की हो उन्हें सम्मानित किया जाना है। इसके तहत दी जाने वाली पुरस्कार राशि को बढ़ाया गया है। अब खिलाड़ियों को कम से कम 50 हजार और अधिकतम 5 करोड़ मिलना है। साथ ही प्रशिक्षकों को कम से कम 50 हजार और अधिकतम 25 लाख रुपये मिलना है।